Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गदरपुर,(उद संवाददाता)। लगभग एक सप्ताह पूर्व घर से लापता हुए युवक का शव एक गड्ढे में क्षत विक्षत हालत में मिला। सूचना मिलने पर रामपुर और गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर रामपुर भेज दिया गया। युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार वार्ड 7 निवासी 23वर्षीय विपिन शुक्ला पुत्र शेर बहादुर गत 13अक्टूबर को घर से बाइक लेकर कहीं गया था। उसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने खोजबीन की तो पता चला कि वह ब्लाक कालोनी के पीछे रहने वाले किसी युवक के साथ गया था। उसी दिन शाम को विपिन की बाइक प्रेमनगर मोड़ के पास लावारिस अवस्था में पायी गयी जिसको लेकर लापता युवक के पिता शेर बहादुर ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी थी और गदरपुर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आज प्रातः महतोष बिलासपुर मार्ग के समीप चकबेरी के पास गड्ढे में लोगों को बदबू आने लगी। जब ग्रामीणों ने वहां जाकर देखा तो पाया कि किसी का क्षत विक्षत हालत में शव पड़ा हुआ है। उन्होंने इसकी सूचना बिलासपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सम्बन्धित थानों कोइस शव के बारे में जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने पर गदरपुर एसओ जसविंदर सिंह वहां पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो पता चला कि यह शव घर से लापता विपिन शुक्ला का है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता शेर बहादुर और भाई केशव कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त कर ली। रामपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। एसओ जसविंदर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। वह चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था और बताया जाता है कि नशे का आदी था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *