Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर,(उद ब्यूरो)। गतरात्रि ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्रांतर्गत मोहल्ला विवेकनगर में परिजनों की गैरमौजूदगी में अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते घर के भीतर प्रवेश कर कमरों से हजारों की नकदी समेत लाखों रूपए का अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। विवेकनगर निवासी कृपामंडल पुत्र सुभाष मंडल ने बताया कि वह सिडकुल स्थित फैक्ट्री में नौकरी करता है साथ ही उसका बड़ा भाई अशोक मंडल भी सिडकुल में कार्यरत है। रोज की तरह वह गत दिवस फैक्ट्री में कार्य के लिए गये थे जबकि पिता श्रीनिवास एवं माता विशाखा सिडकुल ढाल के समीप स्थित ढाबे में मौजूद थे। उसने बताया कि रात्रि में घर का कोई भी सदस्य घर में मौजूद नहीं था। कृपामंडल ने बताया कि आज प्रातः 6बजे जब फैक्ट्री से ड्यूटी समाप्त कर लौटा और मुख्य द्वार का ताला खोल घर के भीतर गया तो अंदर कमरों के ताले टूटे थे। जब उसने भीतर जाकर देखा तो सारा सामान अस्तव्यस्त पड़ा था तथा अलमारी व पलंग खुले हुए थे। कृपा ने मामले की सूचना तुरन्त अपने माता पिता को दी। उसने बताया कि अज्ञात चोर घर के आगे बिना विद्युत तारों के लगे पोेल के सहारे घर की छत पर चढ़े और जीने के रास्ते घर में प्रवेश कर गये जहां उन्होंने कमरों के ताले तोड़े। उसने बताया कि अज्ञात चोर घर से 65हजार रूपए नकद जो भाई की शादी के लिए रखे हुए थे,सोने के झुमके, चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, चूड़ियां जिनकी कीमत करीब 90हजार रूपए है, एक एलईडी टीवी, 8जोड़ी कपड़े व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गये। कृपा का यह भी कहना था कि चोर छत के रास्ते ही घर से बाहर निकले हैं जिससे अंदेशा है कि चोरों की संख्या तीन-चार रही होगी। कृपा ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *