February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई को घेरा थाना

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के मोहल्ला शिवनगर में अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज भाजपा महानगर अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद राठौर की अगुवाई में मोहल्लेवासियों ने ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ खासा रोष जताया और थाने में मौजूद एसआई दिनेश सिंह का घेराव कर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं की रपट दर्ज कर उनका शीघ्र खुलासा करने की मांग की। श्री राठौर ने कहा कि मोहल्ला शिवनगर में स्थित खाली प्लाट में 24घंटे नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है साथ ही यहां हर समय जुआ खेलते लोग दिखायी देते हैं। इस संबंध में पुलिस को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत की लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में आयेदिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं जिसके पीछे नशेड़ी एवं जुआरी युवकों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि जिन घरों में चोरी की वारदात होती है पुलिस घटना की रपट भी दर्ज नहीं करती और न ही चोरी की किसी घटना का खुलासा हो पाया है। जिससे न सिर्फ मोहल्ला शिवनगर बल्कि ट्रांजिट कैंप के सभी मोहल्लेवासियों में रोष है। एसआई दिनेश सिंह का कहना था कि अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस द्वारा समय समय पर अभियान चलाया जाता है और मोहल्ला शिवनगर से कई बार नशेड़ी युवकों को गिरफ्तार भी किया गया। उन्होंने बताया कि विगत दिवस चोरी की हुई घटनाओं की छानबीन के लिए मोहल्ले में लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं और किसी भी दोषी युवक को बख्शा नहीं जायेगा। घेराव करने वालों में हर प्रसाद, सर्वजीत, डीके गंगवार, गोविंद शर्मा, शिवचरन, धीरेंद्र, चन्द्रपाल, सुरेश प्रजापति, मुख्त्यार, संजीव शर्मा, रामबेटी, गंगा, कैलाश, कृष्णा, राखी, रेशमा, राजा, द्रोपदी, माया, सुशीला, जमुना, पिंकी समेत तमाम लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *