Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी। यहां नैनीताल रोड स्थित निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के सामने एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके तीसरे साथी को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाइक हादसे में मारे गये दोनों युवक एमबीपीजी कालेज में पढ़ने वाले छात्र बताये जा रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाइक हादसे में मरे छात्रों की पहचान दिनेशपुर निवासी दीपक बिष्ट और कुसुमखेड़ा के गौरव ओली के रूप में हुई है। आज तड़के करीब 5 बजे तीनों युवक बाइक संख्या यूके 06 एटी -6307 पर सवार होकर काठगोदाम की तरफ घूमने चले गये। 6 बजे के आस-पास तीनों बाइक पर सवार होकर वापस हल्द्वानी की तरफ लौट रहे थे कि तभी निर्मला कांवेंट स्कूल के पास यह हादसा हो गया। तीनों युवकों को स्थानीय लोगों ने सुशीला तिवारी पहुंचाया जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरे युवक चेतन पंत की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि मृतक गौरव ओली के पिता बरेली में सीडीओ हैं। जबकि मृतक दीपक पूर्व में हल्द्वानी में रहकर ही पढ़ाई करता था। तीनों में गहरी दोस्ती बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों में से किसी भी युवक ने हेल्मट नही पहना था। यदि इन्होने हेल्मेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *