Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बुलेरो ने टैम्पो से उतर रही महिलाओं को रौंदा, दो घायल

उत्तरांचल दर्पण संवाददाता
रूद्रपुर। आज प्रातः छतरपुर मार्ग पर अशोका लेेलैंड फैक्ट्री के समीप बुलेरो चालक ने टैम्पो से उतर रही महिलाओं को रौंद दिया। जब महिलाओं व टैम्पो चालक ने इसका विरोध किया तो बुलेरो में सवार लोगों ने टैम्पो चालक व महिलाओं से मारपीट कर दी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। घायल महिलाओं व टैम्पो चालक ने जिला चिकित्सालय पहुंच कर अपना उपचार कराया। जानकारी के अनुसार आज प्रातः टैम्पो संख्या यूके 06टीए/3166 का चालक आशुतोष मंडल पुत्र नारायण दिनेशपुर से सिडकुल में कार्यरत महिला श्रमिकों को लेकर रवाना हुआ। जब वह छतरपुर मार्ग पर अशोका लेेलैंड फैक्ट्री के समीप पहुंचा तो कुछ महिलाएं टैम्पो से उतरीं। इसी दौरान तीव्र गति से आती बुलेरो संख्या यूके06क्यू/7551 के अज्ञात चालक ने सड़क पर खड़ी महिलाओं को रौंद दिया जिससे दो महिलाओं ग्राम चंदननगर दिनेशपुर निवासी पुष्पा राय पत्नी स्व. दीपक व ग्राम अमृतनगर नं. 2 निवासी लक्ष्मी मंडल पत्नी गोलक के पैरों में गंभीर चोटें आ गयीं जबकि अन्य महिलाओं ने किसी तरह छलांग लगा कर अपनी जान बचायी। महिलाओं ने बुलेरो का पीछा किया। कुछ दूरी पर बुलेरो चालक ने वाहन रोका और महिलाओं व टैम्पो चालक से उलझ गया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो बुलेरो सवार अन्य लोग भी आ पहुंचे और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी तथा धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास खड़े लोगों के आ जाने से बुलेरो सवार लोग वाहन में बैठकर फरार हो गये। मामले की सूचना तुरन्त पुलिस को दी गयी। टैम्पो सवार सभी लोग सिडकुल चैकी पहुंचे जहां उन्होंने घटना की विस्तार से जानकारी दी और जिला चिकित्सालय पहुंचकर अपना उपचार कराया। समाचार लिखे जाने तक मामले की तहरीर नहीं दी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *