February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पूरे परिवार को बेहोश कर जेवर और नगदी चुरा ले गये शातिर चोर

किच्छा(उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कलकत्ता चौकी के पास स्थित भगवानपुर गांव में देर रात्रि अज्ञात चोरों ने एक घर में धावा बोलकर परिवार के 10 लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गये। सूचना पर चौकी प्रभारी धीरेंद्र पंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में घर के आठ लोगों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी लोगों को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलकत्ता पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगवानपुर में लाभ सिंह पुत्र सत्ता सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं । वहीं पर उनकी एक दुकान भी है। गत रात्रि लाभ सिंह एवं उसके परिजन तथा घर में आए हुए मेहमान खाना खाकर सो गए थे। प्रातः जब सुखविंदर कौर पत्नी अमरजीत सिंह उठी तो उसने सभी लोगों को जगाने का प्रयास किया। घर के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में देखकर उसके होश उड़ गये। सुखविंदर कौर ने पड़ोस में रिश्तेदारों के यहां जाकर पूरी जानकारी दी। जिस पर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई जिस पर चौकी प्रभारी धीरेंद्र पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोश पड़े परिजनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के कुछ लोगों को जिला अस्पताल रूद्रपुर रैफर कर दिया गया। रेफर किए गए मरीजों में लाभ सिंह पुत्र सत्तार सिंह, 58 वर्षीय लक्ष्मी कौर पत्नी लाभ सिंह,12 वर्षीय प्रिंस पुत्र मनजीत सिंह , 60 वर्षीय संतोख सिंह पुत्र मरियम,शीला कौर पत्नी जत्तार सिंह शामिल हैं। जबकि सुमन कौर , सर्वजीत कौर और बूटा सिंह की सामान्य स्थिति को देखकर घर में ही उपचार किया जा रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि चोरों द्वारा परिवारों के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। गृह स्वामी के अनुसार उसके घर में 10 तोला चांदी का सामान, लगभग आधा तोला सोने के जेवर सहित दस हजार रूपये की नगदी गायब है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *