February 19, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जनपद के 110 केंद्रों पर 39924 परीक्षार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा

रूद्रपुर । उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद वर्ष 2026 की आगामी 21 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते हुए अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने निर्देश दिए कि नकल विहीन परीक्षा कराना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए सभी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों की चेकिंग मुख्य गेट पर ही सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी अनुचित साधन परीक्षा कक्ष तक न पहुँच सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा उद्देश्य नकल को रोकना है, परीक्षार्थियों को डराना नहीं। सभी केंद्रों पर पेयजल और बिजली की सुचारू व्यवस्था रखने के साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः वर्जित होगा। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रश्न पत्रों को सुरक्षित डबल लॉक में रखना केंद्र प्रभारी और कस्टोडियन की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों की 100 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने बताया कि इस वर्ष जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 39924 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 21362 और इंटरमीडिएट में 18562 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा संपन्न कराने के लिए जनपद में कुल 110 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 37 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। देशबन्धु इंटर कॉलेज पिपलिया नंबर-1 गदरपुर सबसे बड़ा केंद्र है, जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तीरथ जसपुर सबसे छोटा केंद्र है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां किसी भी समस्या पर मोबाइल नंबर 9759422324, 7895945044 और 9760663559 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *