स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरने से 3 युवकों की मौत, 2 घायल
ऋषिकेश। पावकी देवी मोटर मार्ग पर बुधवार रात एक भयावह हादसा हो गया, जिसमें गुमानीवाला से नरेंद्र नगर के नाई गांव जा रही बरात में शामिल स्कॉर्पियो वाहन लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बारात में शामिल पांच युवक स्कॉर्पियो में सवार थे। हादसा गूलर से लगभग 18 किलोमीटर पहले कुंडिया गांव के नजदीक हुआ। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। घटना की सूचना भी उसी वाहन में सवार एक युवक ने अपने दोस्त को फोन करके दी, साथ ही लोकेशन भी भेजी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों की पहचान विमल कंडियाल, राहुल कलूड़ा और आशीष कलूड़ा के रूप में हुई है जो श्यामपुर के रहने वाले थे। घायलों की पहचान ििनखल रमोला और तनुज पुंडीर, निवासी श्यामपुर के रूप में हुई है। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि अंधेरा होने के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत से खाई में उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और मृतकों के शव भी पुलिस को सौंप दिए। मुनिकीरेती थाना पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया है। तीनों युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, खासकर त्योहार भाई दूज से पहले यह दुर्घटना पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच में जुटी है और कारणों का पता लगाने के लिए वाहन की स्थिति तथा सड़क की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।
