Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दो टेंपो ट्रैवलर पलटने से 11 पर्यटक घायल

कालाढूंगी (उद संवाददाता)। नैनीताल जिले के कालाढूंगी नैनीताल मार्ग पर रविवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जिसमें दो टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गए। प्रिया बैंड के पास हुए इस हादसे में एक टेंपो ट्रैवलर के पीछे चल रहा दूसरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहले वाहन के ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलट गया जिससे उसमें सवार कई पर्यटक घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पीछे आ रहा दूसरा टेंपो ट्रैवलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई और दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में कुल 28 पर्यटक सवार थे जो नैनीताल भ्रमण कर गाजियाबाद लौट रहे थे। इस भीषण हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 2 पर्यटकों की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो पर्यटकों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होना ही मुख्य कारण माना जा रहा है लेकिन वाहन की तकनीकी जांच कर अन्य पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *