आईईडी बम धमाके में 10 लोगों की मौत , 24 लोग घायल : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी कार मालिक तारिक को गिरफ्तार किया, उमर मोहम्मद को धमाके में इस्तेमाल हुंडई i20 कार दी थी
दिल्ली। दिल्ली को दहलाने वाले कार ब्लास्ट की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह आईईडी बम धमाका था, दिल्ली पुलिस ने सुबह तड़के पहाड़गंज के एक होटल से चार लोगों को उठाया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लाल किले के पास हुए विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, ईंधन तेल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया है। हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। धमाके वाली जगह के आसपास के सीसीटवी खंगालने पर नई जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जिस हुंडई i20 कार में धमाका हुआ है, वो वारदात से पहले एक मस्जिद के पास पार्किंग में करीब तीन घंटे तक खड़ी रही थी। धमाके से पहले एक तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में कार सुनहरी मस्जिद के पास सड़क पर जाती दिखी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार ने 10 नवंबर की दोपहर 3:19 बजे पार्किंग में प्रवेश किया। शाम 6:48 बजे पार्किंग से निकली। इसके महज चार मिनट बाद ही 6:52 बजे सुभाष मार्ग लाल बत्ती पर कार में ब्लास्ट हुआ। धमाके की चपेट में आसपास खड़े कई और वाहन भी आ गए। धमाका शाम करीब 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। धमाके के बाद व्यस्त इलाके में शव क्षत-विक्षत पड़े मिले। कई वाहन भी जल गए। विचलित करने वाले दृश्यों में जमीन पर शव और शरीर के कटे हुए अंग दिखाई दे रहे थे। विस्फोट के कुछ ही देर में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर जमा हो गए। धमाके में दस लोगों की मौत हो गई। जबकि 24 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, जानकारी मिली है कि संदिग्ध गाड़ी के पार्क होने के बाद कार से बाहर नहीं निकला। अनुमान है कि संदिग्ध किसी का इंतजार कर रहा था, पार्किंग में किसी से निर्देश मिलने की प्रतिक्षा कर रहा था। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट के संबंध में कोतवाली पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 और विस्फोटक अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी है।देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़ भरे इलाके में कार में हुए जोरदार धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। धमाके से कई गाड़ियों में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आतंकी हमले की आशंका जताई जा रही है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि चपेट में आए लोगों के शरीर के हिस्से काफी दूर तक जाकर गिरे। आस-पास खड़ी गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। धमाके की आवाज ढाई किलोमीटर दूर आईटीओ चौराहे तक सुनी गई। इस बीच, अमेरिका ने धमाके की जांच में मदद की पेशकश की है।



