February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जागेश्वर धाम में खुदाई के दौरान जमीन में मिला प्राचीन शिवलिंग

अल्मोड़ा(उद संवाददाता) । जागेश्वर धाम में बुधवार सुबह खुदाई के दौरान एक प्राचीन शिवलिंग मिलने से लोग अचंभित हो गए। कुछ ही देर में खबर पूरे इलाके में फैल गयी, जिसके बाद शिव लिंग के दर्शन के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से जागेश्वर धाम में मास्टर प्लान के तहत लाइटिंग के लिए केबल बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था पूरे मंदिर समूह में खुदाई कर रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह खुदाई के दौरान श्रमिकों को केदारनाथ व जागेश्वर मंदिर के ठीक पीछे जमीन के नीचे एक प्राचीन शिवलिंग मिला। कुछ ही देर में इसकी जानकारी पूरे इलाके में फैल गई। जिसके बाद लोग इस शिवलिंग के दर्शन के लिए मंदिर में जुटने लगे। बताया जा रहा है कि जमीन से करीब एक फिट नीचे वास्तविक स्थिति में शिवलिंग मिला है। शिवलिंग मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने उस स्थान पर खोदाई का कार्य रोक दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने विधिवत शिवलिंग की पूजा अर्चना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *