February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कपाट खुलने से पहले मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने श्री केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

देहरादून(उद संवाददाता) मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने आज बदरीनाथ पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्वालुओं की यात्रा को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने और पुनर्निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि पुनर्निर्माण कार्यों में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए एवं वैकल्पिक मार्गों को भी सुचारू रखा जाए। इस दौरान उन्होंने शेष नेत्र व बद्रीश झील, अराइवल प्लाजा, अंतरराष्ट्रीय बस अड्डा, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट कार्यों की पूरी जानकारी ली। मुख्य सचिव के निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के विशेष कार्याधिकारी भाष्कर खुल्बे, पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे, डीजीपी अभिनव कुमार, एसडीएम सी.एस. वशिष्ठ, कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी, सहायक अभियंता सनी पालीवाल, ईओ सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं इससे पूर्व मुख्य सचिव उत्तराखण्ड राधा रतूड़ी ने गुरुवार को श्री केदारनाथ धाम पहुँचकर पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाते हुए 10 मई को श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी अनिवार्य कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने अस्था पथ एवं वाटर एटीएम सहित अन्य अनिवार्य कार्यों पर अतिरिक्त लेबर लगाने के लिए संबंधित विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिलाधिकारी को अधिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गोल चबूतरे से मंदिर परिसर तक कॉरिडोर का कार्य तेजी से पूर्ण करने तथा अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों की सामग्री में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य सचिव, पर्यटन विभाग उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) भास्कर खुल्बे, डीजीपी अभिनव कुमार एवं जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। व्यापारियों से वार्ता करते हुए अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। डीजीपी अभिनव कुमार ने पुलिस विभाग के लिए केदारनाथ में तैयार हो रहे भवन का निरीक्षण करते हुए संबंधित संस्थाओं को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए समय से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता आठवां वृत्त लोनिवि टिहरी मुकेश परमार, डीडीएमए विनय झिंक्वाण, सहायक अभियंता लोनिवि राजविंद्र सिंह, मनीष, अजय थपलियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *