February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

यात्रा की तैयारियों में जुटी धामी सरकारः चारधाम यात्रा मार्गों पर विद्युत, पेयजल और सड़कों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून। सीएम धामी ने आज यात्रा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में चारधाम यात्रा 2024 की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों को चारधाम समेत यात्रा मार्गों पर विद्युत, पेयजल और सड़कों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड पर रहें। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक छह घंटे के बाद सुरक्षा में तैनात कर्मियों को आराम दिया जाए। यात्रा में आने वाले वाहन चालकों के रहने और सोने की व्यवस्था की जाए। बाहर से आने वाले यात्रियों को चारधाम यात्रा से संबंधित अपडेट देने के लिए सोशल मीडिया का बेहतर प्रयोग किया जाए। होटल, गेस्ट हाउस एवं होम स्टे में भी चारधाम यात्रा संबंधित निर्देशिका विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। चारधाम यात्रा-2024 के लिए अभी तक लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है, निश्चित तौर पर इस बार सभी रिकॉर्ड टूटेंगे। यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए हमारी सरकार सुगम एवं सुरक्षित यात्रा हेतु कृत संकल्पित है। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। इसकी तस्दीक पंजीकरण के आंकड़े कर रहे हैं। पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा में देश दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू किया था। रविवार को एक लाख से अधिक यात्रियों ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री व हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 12.48 लाख यात्री पंजीकरण करा चुके हैं। इसमें केदारनाथ के लिए 4,22,129, बदरीनाथ धाम के लिए 3,56,716, गंगोत्री धाम के लिए 2,31,983, यमुनोत्री धाम के लिए 2,19,619 और हेमकुंड साहिब के लिए 17,684 यात्रियों ने पंजीकरण कराया है। सरकार को उम्मीद है कि इस बार भी चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालु नया रिकॉर्ड बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *