Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: वाहन खाई में गिरने से बारात से लौट रहे चार छोलियारों की मौत, चार घायल, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची

पिथौरागढ़(उद संवाददाता)। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर चमाली मार्ग पर तड़के करीब तीन बजे छोलिया कलाकारों को ले जा रहा बोलेरो वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर घायल हो गए। सभी डुंगरीरावल गांव के हैं। सभी लोग एक शादी से लौट रहे थे। शवों को एसडी आरएफ कर्मियों ने बमुश्किल खाई से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरा है। जानकारी के मुताबिक छोलिया नर्तकों का एक दल बारात में शामिल होने के बाद रविवार देर रात्रि बोलेरो संख्या यूके 05टीए 2683 पर अपने गांव को लौट रहा था। वाहन में कुल आठ लोग सवार थ्ज्ञे। चमाली के निकट अंडारी में चालक के नियंत्रण खोने से वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सुबह करीब साढ़े पांच बजे दुर्घटना की सूचना जिला मुख्यालय को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व टीम और 108 एंबुलेंस मौके को पहुंची। घटनास्थल से घायलों को खाई से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया। मृतकों में 37 वर्षीय पवन कुमार पुत्र जगत राम, 30 वर्षीय अंगद कुमार पुत्र जगत राम, 42 वर्षीय कैलाश राम पुत्र शोबन राम, 31 वर्षीय अजय कुमार पुत्र होशियार राम शामिल हैं। जबकि घायलों में 40 वर्षीय जगदीश प्रसाद पुत्र दीवानी राम, 18 वर्षीय प्रियांशु पुत्र सुरेंद्र लाल, 36 वर्षीय राजेंद्र राम पुत्र नारायण एवं 19 वर्षीय हिमांशु पुत्र सुरेंद्र लाल आदि शामिल हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. आशु अवस्थी ने बताया कि सभी घायल गंभीर हालत में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *