February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह : धामी

मुख्यमंत्री ने रूद्रपुर के मोदी मैदान पहुंचकर लिया जनसभा की तैयारियों का जायजा
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में दो अप्रैल को मोदी मैदान में आयोजित होने जा रही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोदी मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा भी की। बता दें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2 अप्रैल को दोपहर 12 बजे मोदी मैदान में मोदी की जनसभा प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुट गया है। वही भाजपा ने जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी है। मोदी मैदान में चल रही तैयारियों का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी दोपहर को हैलीकॉप्टर से पुलिस लाईन पहुंचे यहां से कार द्वारा मोदी मैदान पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से आध्यात्मिक लगाव है। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो अप्रैल को पहली जनसभा रूद्रपुर के मोदी मैदान में होने जा रही है। यह गर्व की बात है। प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसभा के बाद उत्तराखण्ड का पूरा माहौल मोदी मय होने जा रहा है। उन्होंने जोगों से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को सुनने की अपील की। सीएम धामी ने बाद में भाजपा कार्यालय पहुंचकर जनसभा की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं के साथ चर्चा भी की और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। इससे पूर्व पुलिस लाईन पहुंचने पर कार्यकताओं ने सीएम धामी का पुष्पगुच्छ भेंट कर नारेबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *