February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस के उम्मीदवारों के इंतजार में तरस गई हैं आंखे: हरिद्वार और नैनीताल सीट पर आज घोषित होंगे प्रत्याशी

नैनीताल से महेंद्र पाल या दीपक बल्यूटिया पर दांव खेल सकती है कांग्रेस
देहरादून। नई दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने बैठक की। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह इस दौरान बैठक में मौजूद रहे। पार्टी को उत्तराखंड की दो लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा करने की है। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गढ़वाल, टिहरी और अल्मोड़ा सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जबकि हरिद्वार और नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों को लेकर पेच फंसा है। गढ़वाल सीट से गणेश गोदियाल, टिहरी से जोत सिंह गुनसोला और अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा को चुनाव मैदान में उतारा है। इसमें गोदियाल और गुनसोला पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं, टम्टा तीसरी बार चुनाव मैदान में होंगे।केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में गहन मंत्रणा के बाद कांग्रेस ने उत्तराखंड की पांच सीटों में से तीन पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। दो बार के विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे गणेश गोदियाल पर कांग्रेस ने गढ़वाल सीट पर दांव लगाया है। जबकि मसूरी विधानसभा सीट से 2002 व 2007 में विधायक चुने गए जोत सिंह गुनसोला को पार्टी ने टिकट दिया। उनके सामने इस सीट पर राजशाही का तिलिस्म तोड़ने की चुनौती है। आरक्षित अल्मोड़ा सीट पर इस बार भी प्रदीप टम्टा पर दांव लगाया है। 2009 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर टम्टा सांसद चुने गए थे। जबकि 2014 और 2019 के चुनाव में उन्हें हार मिली।भाजपा की तुलना में कांग्रेस प्रचार में पिछड़ रही है। हरिद्वार संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रचार के लिए मोर्चा संभाल लिया है। उधर गढ़वाल संसदीय सीट पर अनिल बलूनी भी प्रचार में उतर गए हैं, लेकिन कांग्रेस में हरिद्वार और नैनीताल सीट पर प्रत्याशियों के नामों को लेकर सहमति नहीं बन रही है।आपसी खींचतान के कारण केंद्रीय चुनाव समिति ने दोनों सीटों पर टिकट प्रतीक्षा में रख दिया है। हरिद्वार सीट से पूर्व सीएम हरीश रावत अपने बेटे वीरेंद्र रावत के लिए टिकट मांग रहे हैं, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा इस बात पर अड़े हैं कि यहां से हरीश रावत खुद चुनाव लड़े या फिर उन्हें मौका दिया जाए। नैनीताल सीट पर कई दावेदार होने से आपसी खींचतान चल रही है। यहां से यशपाल आर्य, भुवन कापड़ी, महेंद्र पाल, रणजीत रावत, प्रकाश जोशी के नामों की चर्चा है। इन नामों में यशपाल आर्य के नाम पर तकरीबन सहमति है, पर आर्य चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे हैं। अब पूर्व सांसद डा. महेंद्र सिंह पाल पर पार्टी दांव खेल सकती है। हालांकि पार्टी में एक बड़ा वर्ग नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट के जातीय समीकरण के हिसाब से आर्य और माहरा को भी मजबूत प्रत्याशी के तौर पर देख रहा है। वहीं पूर्व सीएम एनडी तिवारी के भतीजे एवं युवा कांग्रेस नेता दीपक बल्यूटिया का नाम भी चर्चाओं में छाया हुआ है। महेंद्र पाल पिछले विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं ऐसे में कांग्रेस के रणनीतिकार दीपक बल्यूटिया को बेहतर प्रत्याशी मान रहे है। बहरहाल भाजपा ने तीन मार्च को अपने तीन उम्मीदवार घोषित कर दिये थे जबकि दूसरी सूचि में दो और उम्मीदवार घोषित कर कांग्रेस के समक्ष कड़ी चुनौती पेश की है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस केतीन सीटों पर पहली सूची में उम्मीदवारों का ऐलान किया गया हैं हांलाकि पिछले एक सप्ताह से कांग्रेस के कार्यकर्ताआंें की निगाहे नैनीताल और यूएसनगर की ह हाट सीट पर अपने उम्मीदवारों के घोषित होने का इंतजार में अब उनकी आंखे तरस गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *