February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क हादसों से मचा कोहराम: बारात से लौट रहे दो युवकों की हादसे में मौत,चार घायल

यूपी के साहबाद में ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ी कार, रूद्रपुर के रम्पुरा से साहबाद गई थी बारात,मातम में बदली शादी की खुशियां
रूद्रपुर/शाहबाद(उद संवाददाता)। रूद्रपुर से बंदायू गई एक बारात में शामिल युवकों की कार शाहबाद के पास ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गयी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार रम्पुरा के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि चार घायल हो गये। घायलों को रूद्रपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है वहीं शादी की खुशियां भी मातम में बदल गयी है। जानकारी के अनुसार रम्पुरा निवासी प्रेम कोली पुत्र देशराज कोली की बारात सोमवार शाम यूपी के जिला बंदायू में ग्राम दौलतपुर के लिए रवाना हुई थी। जिसमें बाराती अलग- अलग वाहनों से रवाना हुए थे। बारात को सुबह वापस लौटना था। लेकिन रम्पुरा के छह युवक बारात में शामिल होने के बाद आई टैन कार संख्या यूके 06एल 5715 में सवार होकर रात को ही रूद्रपुर के लिए वापस चल दिये। शाहबाद के पास हाईवे पर युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गयी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार रम्पुरा निवासी 35 वर्षय पप्पू कोली पुत्र भगवान स्वरूप एवं 30 वर्षीय रवि कोली पुत्र जागन कोली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि कार में सवार 42 वर्षीय रोशन कोली पुत्र सुख लाल, 30 वर्षीय ओमप्रकाश कोली पुत्र लेखराज कोली , 30 वर्षीय गुड्डू कोली पुत्र छोटे लाल कोली और 32 वर्षीय शंकर कोली पुत्र जोगराज घायल हो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गये। घायलों को सुबह रूद्रपुर के अलग अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है। दोनों मृतक शादीशुदा थे। दोनों के दो-दो छोटे बच्चे हैं। घटना से शादी की खुशियां भी मातम में बदल गयी। मृतकों का रामपुर में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इधर घटना की सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और निजी अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल भी जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *