February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हिमांचल प्रदेश में हो सकता है बड़ा सियासी खेल: बागी विधायकों ने उत्तराखंड में डाला डेरा

अचानक 11 विधायकों के एक विशेष चार्टर्ड प्लेन से गोपनीय तौर पर उत्तराखंड पहुंचने के बाद सूबे में राजनीतिक सरगर्मियां तेज
देहरादून। अगर हिमाचल प्रदेश के बागी कांग्रेसी विधायकों की रणनीति कामयाब होने पाई ,तो आगामी कुछ दिनों के लिए उत्तराखंड राष्ट्रीय राजनीति के फलक पर अच्छा खासा लाइमलाइट में रह सकता है, क्योंकि विगत रोज हिमाचल प्रदेश के छह बागी कांग्रेसी विधायकों सहित तीन निर्दलीय एवं दो भाजपाई विधायकों के एक विशेष चार्टर्ड प्लेन से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचने की खबर है। हिमाचल प्रदेश के 11 विधायकों के गोपनीय तौर पर उत्तराखंड पहुंचने के बाद सूबे में राजनीतिक सरगर्मियां अचानक बढ़ गई है और सियासी हलके में कुछ बड़ा होने की अटकलंे लगाई जाने लगी हैं। स्मरण करना होगा की गुजरे दिनों संपन्न राज्यसभा चुनाव में हिमाचल के छह कांग्रेसी विधायक एवं हिमाचल सरकार को समर्थन दे रहे तीन निर्दलीय विधायकों द्वारा भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग किए जाने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को राज्यसभा चुनाव में मुंह की खानी पड़ी थी और हिमाचल प्रदेश कि कांग्रेसी सरकार एक बड़े राजनीतिक संकट की जद में आ गई थी तथा बजट सत्र के दौरान हिमाचल सरकार के गिर जाने के कयास लगाए जाने लगे थे, परंतु कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने बागी कांग्रेसी विधायकों को अयोग्य घोषित कराकर किसी तरह अपनी सरकार तो बचा ली थी। मगर अब हिमाचल प्रदेश के 11 विधायकों के देवभूमि पहुंचने के बाद यू जान पड़ता है कि हिमाचल की कांग्रेसी सरकार का संकट अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है ।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गत दिवस तकरीबन सारा दिन ट्रेंड हुई खबर के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के उपरोक्त सभी विधायक विशेष चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट स्थित देहरादून हवाई अड्डे पर उतरे और यहां से किसी अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गए ।खबर के मुताबिक, इन सभी विधायकों के ऋषिकेश से करीब 30 किमी दूर स्थित एक बड़े समूह के होटल में ठहरने की सूचना है ।समझा जा रहा कि ये बागी विधायक अगले कुछ दिन उत्तराखंड में ही व्यतीत करेंगे तथा देवभूमि में रहकर ही यह अपनी आगे की रणनीति तैयार करेंगे। बताना होगा कि हिमाचल प्रदेश के उपरोक्त विधायकों के उत्तराखंड पहुंचने का यह कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया था और उनके एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले ही उनको अज्ञात स्थान पर ले जाने की पूरी व्यवस्था की गई थी। खबरों के अनुसार एयरपोर्ट से बाहर निकल कर सभी बागी विधायक ऋषिकेश की ओर रवाना हुए और वे सीधे सिंगटाली, जहां एक बड़े समूह का पांच सितारा होटल है,पहुंचे। खबर लिखे जाने तक उपरोक्त होटल ही उनका ठिकाना बना हुआ था पर सूत्रों का कहना है कि यहां से वे किसी अन्य अज्ञात स्थान पर भी जा सकते हैं।सियासी गलियारे में चर्चा है कि बागी विधायकों की उत्तराखंड भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी हुई है। उल्लेखनीय है कि पार्टी से निकाले जाने के बाद से ही बागी कांग्रेसी विधायक हिमाचल से बाहर हैं । उत्तराखंड पहुंचने से पहले उनके चंडीगढ़ और हरियाणा में होने की सूचना थी। बागी विधायकों के अज्ञातवास में होने का सियासी निहितार्थ यह भी निकाला जा रहा है कि हिमाचल की राजनीति में शीघ्र ही कुछ बड़ा होने वाला है, जिसकी पटकथा उत्तराखंड में लिखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *