Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा में नये प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर भी गरमाई चर्चा,बलूनी लड़ेंगे लोकसभा चुनाव !

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया
देहरादून। महेंद्र भट्ट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा भी गरमा गई है कि उनके निर्वाचित होने के बाद उत्तराखंड में पार्टी का नया कप्तान बनाया जाएगा। माना जा रहा है कि अब इसकी संभावनाएं न के बराबर है। पार्टी में कई राज्यसभा सदस्य हैं जिनके पास संगठन की भी जिम्मेदारी है। उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी दुष्यंत गौतम और भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल राज्यसभा के सदस्य हैं। राज्यसभा सांसद की रिक्त सीट के लिए उम्मीदवार घोषित करने पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संसदीय बोर्ड का आभारी हूं। मुझे जैसे साधारण कार्यकर्ता को जो सम्मान और जिम्मेदारी दी है, उसे में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाऊंगा। र्मै मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार प्रकट करता हूं। आश्वस्त करता हूं कि राज्य के विकास के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करूंगा। वहीं प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनको शुभकमनायें दी है। लोकसभा चुनाव से पहले महेंद्र भट्ट को उम्मीदवार बनाए जाने के सियासी मायने हैं। भट्ट ब्राह्मण चेहरा हैं और भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का उन्हें राज्यसभा में भेजे जाने के फैसले को जातीय समीकरणों में संतुलन साधने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। जब तक भाजपा नेतृत्व ने राज्यसभा का टिकट तय नहीं किया था, तब संभावना अनिल बलूनी को रिपीट किए जाने की भी मानी जा रही थी। केंद्रीय संगठन में बलूनी लंबे समय से राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अब उन्हें भी पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट का एक दावेदार माना जा रहा है।
वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा उम्मीदवार बनाये जाने पर शुभकामनायें दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखण्ड के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट जी को आगामी राज्यसभा चुनावों में देवभूमि उत्तराखंड से प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *