February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रियंका को चुनाव लड़ाने की चर्चायें: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी उत्तराखंड में पांचों लोकसभा क्षेत्रों में कराएगी सर्वे

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों में कांग्रेस टिकट के लिए दावेदार रणनीति बनाने में जुट गए हैं। वहीं दूसरी तरफ हरिद्वार सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव लड़ाने को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आगामी 26 जनवरी को पांचों लोकसभा सीटों में प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी उत्तराखंड आएगी। हरिद्वार सीट से चुनावी रण में उतरने के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत व पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी सक्रिय हैं। इसके अलावा पार्टी के अन्य नेता भी टिकट पर दावेदारी की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी नेता ने खुल कर चुनाव लड़ने का एलान नहीं किया है। लेकिन 26 जनवरी को केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के सामने दावेदार अलग-अलग सीटों से टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्क्रीनिंग कमेटी अपने स्तर पर लोकसभा क्षेत्रों में सर्वे कराएगी। चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले नेता को टिकट देने पर पार्टी हाईकमान फैसला लेगी। माना जा रहा है कि उत्तराखंड में कुमाऊं मंडल या फिर गढ़वाल मंडल की सीट से प्रियंका को टिकट देने पर पार्टी में किसी स्तर पर विरोध नहीं होगा। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में काम करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक दिसंबर माह में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने प्रियंका गांधी को हरिद्वार सीट से टिकट देने की बात रखी थी। अभी तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इस संबंध में ऐसा कोई प्रस्ताव या विचार नहीं किया गया है। केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी सभी लोकसभा क्षेत्रों में सर्वे करेगी। जिसके आधार पर पार्टी हाईकमान ही प्रत्याशी पर निर्णय लेगा। कांग्रेस के लिए आगामी लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। पार्टी किसी तरह का रिस्क लेने की स्थिति में नहीं है। इस समय देश को खतरा है। महिला और किसानों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उत्पीड़न हो रहा है। ऐसी स्थिति में भाजपा को रोकना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *