February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे अयोध्या: 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां हुई तेज

अयोध्या। प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है। इसके लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। बृहस्पतिवार को तीन संदिग्ध आतंकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भी चाक-चौबंद कर दी गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर यहां रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को निरीक्षण किया है। सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यानाथ ने श्री राम जन्मभूमि में निर्माणाधीन भव्य श्री राम मंदिर के प्रांगण की भव्य तस्वीर भी साझा की है। उन्होंने भगवान श्री रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सभी व्यवस्थायें भव्यता और दिव्यता से करने करने की अपील की है। साधू संतों के आगमन पर उनके स्वागत अभिनंदन की भी भव्य तैयारियां की जा रही है। सामूहिक हवन यज्ञ के लिए व्यापक स्तर पर पांडाल और हवन कंड तैयार कर दिये गये है। पूरे परिसर को फूल मालाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने सभी देशवासियों से भगवान राम के भव्य मंदिर की स्थापना होने पर शुभकामनायें दी है। साथ ही सीएम योगी आदित्यानाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखेंगे। विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को एटीएस के कमांडो ने वाहनों के काफिले के साथ रामनगरी की सुरक्षा परखी। नयाघाट से श्रीरामजन्मभूमि तक महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने मोबाइल टीमें मुस्तैद कर दी हैं। इनमें शिफ्रटवार विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। ये टीमें अलग-अलग स्थानों पर मौजूद रहेंगी। सूचना मिलते ही रवाना होंगी। नोडल अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला ने बताया कि सीएमओ कार्यालय व आवास, बूथ नंबर चार, रामकथा संग्रहालय पर ये टीमें तैनात रहेंगी। उधर, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर इंतजाम करने के लिए 257 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्वाचन कार्यालय के पास नए भवन में कंट्रोल रूम बनाया है। इसमें प्रभारी के साथ जिले स्तर के अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं। सीडीओ अनीता यादव के नेतृत्व में यहां तैयारियों को लेकर कार्य किया जा रहा है। यहां से जानकारी देने और सूचनाएं प्राप्त करने का काम किया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए बृहस्पतिवार को जवानों की आखिरी टुकड़ी भी पहुंच गई। इनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस के अलावा, आरआरएफ, एसएसबी, आईटीबीपी, पीएसी आदि जवान शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *