February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लैंसडोन में कार खाई में गिरने से तीन लोग घायल

कोटद्वार (उद संवाददाता)। लैंसडोन क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिरने से तीन लोग घायल हो गये। दिल्ली से तीनों लोग पौड़ी शादी समारोह में जा रहे थे। घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बैगनार कार संख्या डीएल3सी बीयू 3488 गुमखाल से करीब एक किमी आगे एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गयी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस चौकी सतपुली ने रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही मुख्य आरक्षी महावीर सिंह टीम के साथ मय आवश्यक उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। रेस्क्यू टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए कार में सवार 3 लोगों को रेस्क्यू कर मुख्य मार्ग तक पहुँचाया तथा प्राथमिक उपचार के उपरांत एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया।कार सवार 3 लोग दिल्ली से पौड़ी एक शादी समारोह में सम्मिलित होने जा रहे थे। घायलों की पहचान विनोद शर्मा पुत्र शांति लाल, निवासी-रामपानी, जिला- गाजियाबाद, दीवान सिंह रावत पुत्र पतम सिंह, निवासी-तरला एडा, पौड़ी और अवतार सिंह रावत पुत्र कृपाल सिंह, निवासी- पौड़ी के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम में महावीर सिंह, मुकेश रावत, रमेश रावत,पेरामेडिक्स अनूप रावत, उपनल चालक मनदीप बर्थवाल आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *