Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हॉस्टल में फांसी पर लटका छात्र : सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय प्रशासन में मचा हड़कम्प

अल्मोड़ा(उद संवाददाता)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर के न्यू ब्वॉयज हॉस्टल में एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से एसएसजे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक सरकार की आली स्थित एसएसजे कैंपस के न्यू ब्वॉयज हॉस्टल में एक छात्र शनिवार को अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। सुबह जब वह बाहर नहीं आया तो हास्टल के दूसरे छात्रों ने खिड़की से अंदर झांकर देखा तो छात्र फंदे में लटका हुआ था। आनन फानन में छात्रों ने इसकी सूचना एसएसजे विवि परिसर प्रशासन को दी जिससे कालेज प्रशासन में हड़कम्प मच गया। कुछ ही देर में आत्म हत्या के मामले की खबर पूरे इलाके में फैल गयी। सूचना के बाद कोतवाली अल्मोड़ा व बेस चौकी पुलिस हॉस्टल पहुंची किसी तरह दरवाजा तोड़ पुलिस कमरे में पहुंची लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र का नाम मानव बिष्ट बताया जा रहा है जो कि बीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र था और नैनीताल जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मृतक का रूममेट इन दिनों घर गया हुआ था, मृतक छात्र कमरे में अकेला था। पुलिस आशंका जता रही है कि छात्र ने कल रात ही यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने अपनी मां को लेकर भावुक बातें लिखी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *