Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में स्कूल जा रही बस में भड़की आग,बच्चों को किया रेस्क्यू

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। शनिवार प्रातः बच्चों को लेकर निजी स्कूल जा रही बस में अज्ञात कारणों के चलते आग भड़क गई। जिससे बस में सवार बच्चों में चीख पुकार शुरू हो गई। बस चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को रोका और लोगों की मदद से बस में सवार सभी बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया। मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन, पुलिसकर्मी व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाकर बच्चों को अन्य वाहन से स्कूल रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार प्रातः बच्चों को शैम्फोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल ले जा रही बस में अचानक मार्ग में ग्राम मोटाहल्दू में आग लग गई। बस में 33 बच्चे सवार थे। बच्चों में चीख पुकार शुरू हो गई। बस में अचानक धुआं देखा ड्राइवर ने तत्परता दिखाकर बस को रोका और आसपास स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया। इस बीच आग ने भयंकर रूप ले लिया मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी द्वारा आग बुझाया गया। तब तक बस जलकर पूरी तरह राख हो गई, फिलहाल बस में आग कैसे लगी इसके पुष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है हालांकि प्रथम दृष्टि या शार्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है वही सुबह-सुबह इस घटना की खबर मिलने के बाद ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया, अभिभावकों में भी अपने बच्चों के प्रति चिंता होने लगी, लेकिन सभी बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचा दिया गया। जिसके बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *