Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिलक्यारा में केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह ने लिया रेस्क्यू अभियान का जायजा: सुरंग के 200 मीटर क्षेत्र को आम लोगों और मीडिया की आवाजाही प्रतिबंधित

सुरंग में फंसे चालीस श्रमिकों को आज बाहर निकाले जाने की उम्मीद
उत्तरकाशी (उद ब्यूरो)। सिलक्यारा सुरंग में फंसे 40 श्रमिकों को आज 5 दिन हो गए हैं । श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के लिए अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। सुरक्षा कर्मियों ने सुरंग के 200 मीटर क्षेत्र को आम लोगों और मीडिया की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। वहीं गुरूवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने मौके पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया।बता दें यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा से डंडालगांव के बीच निर्माणाधीन सुरंग में बीते रविवार तड़के हुए हादसे में तकरीबन 40 मजदूर फंसे हैं। मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुवार को मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। भूस्खलन की घटना से न केवल सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों के स्वजन परेशान हैं, बल्कि सिलक्यारा गांव सहित आसपास के गांव के ग्रामीण भी चिंतित है। रेस्क्यू अभियान की जानकारी लेने के लिए आज केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह सिलक्यारा में साइट पर पहुंचे। यहां उन्होंने बचाव अभियान का जायजा लिया और अभियान में जुटे अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि काम चल रहा है।चीजे भेज दी गई हैं। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बचाव अभियान की पल पल की जानकारी ले रहे हैं। बचाव अभियान पर सीएम धामी ने कहा कि मशीन इंस्टॉल हो गई है और वहां काम शुरू हो गया है। सभी एक- दूसरे के समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। स्थिति थोड़ी कठिन है। सभी लोगों से लगातार संपर्क हो रहा है और उनके लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी लोग सुरक्षित हैं। वहीं सिलक्यारा टनल में भूस्खलन के बाद अब एनएच आईडी सीएल की ओर से वीडियो रिकॉडिंग करवाई जा रही है। जिसमें रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ सुरंग में पल-पल के हालत पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *