Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी ने मुम्बई में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हेतु आयोजित रोड शो में किया प्रतिभाग

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पहुंच संचालित गतिविधियों का भी किया अवलोकन
मुंबई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुम्बई में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हेतु आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठक कर उत्तराखण्ड में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों को आगामी 8-9 दिसम्बर को आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट हेतु आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी ही नहीं बल्कि यह भारत के विकास की अनूठी कहानी का एक प्रमुख भाग है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास के लिए जहां आधुनिक तकनीक तथा प्रबंधकीय कौशल आवश्यक है, वहीं आध्यात्मिक शक्ति एवं शांति भी अत्यंत आवश्यक है। उत्तराखंड ने भी अपनी जीएसडीपी को आगामी 5 वर्षों में दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि अब तक रोड शो से लगभग एक लाख करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। देश ही नहीं बल्कि विदेशों के उद्यमी भी उत्तराखंड में निवेश करने को लेकर उत्साहित हैं। राज्य में लाइसेंस आदि के अनुमोदनों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था में सुधार किया गया है।

इससे पूर्व  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज मुंबई स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पहुंच कर स्टॉक एक्सचेंज में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया तथा एनएसई की सांकेतिक बेल भी बजाया। मुख्यमंत्री ने आगामी 08 और 09 दिसंबर को देहरादून में होने वाले उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के अधिकारियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा उद्योगों के अनुकूल नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने की अनेक संभावनाएं हैं।

राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को अधिक से अधिक अवसर मिले, इस दिशा में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एमडी एवं सीईओ  आशीष कुमार चौहान, उत्तराखण्ड सरकार के सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *