Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चमोली में टेम्पो ट्रैवलर और एक बाइक की भीषण टक्कर से दो पुलिस कर्मियों सहित तीन की मौत

चमोली (उद संवाददाता)। बदरीनाथ हाईवे पर चमोली के बिरही में एक टेम्पो ट्रैवलर और एक बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस दौरान हादसे में दो पुलिस कर्मियों सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा ओवरटेक के चक्कर में हुआ। घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है। घटना सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे की है। जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार तीन युवक पीपलकोटी से चमोली की ओर आ रहे थे। बाइक पर सवार दो पुलिस कर्मी थे जबकि एक स्थानीय युवक था। बाइक टेम्पो ट्रैवलर को ओवरटेक कर रही थी कि इस दौरान हादसा हो गया। हादसे में तीनों बाइक सवार टैम्पो के नीचे कुचल गए। हादसे में स्थानीय युवक चमोली निवासी दीपक कुमार पुत्र शिवनाथ के अलावा दो पुलिस कर्मी सचिन और मनवीर की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नशे में थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक पुलिस कर्मी कहां तैनात थे इस बारे में समाचार लिखने तक पूरा विवरण नहीं मिल पाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *