Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गुलदार के हमले में बालक गंभीर,अस्पताल में भर्ती

देवप्रयाग (उद ब्यूरो)। गोसिल गांव में गुलदार ने दस साल के बालक पर हमला कर दिया। बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम दस वर्षीय जसप्रीत पुत्र सुशील दास अपनी बहन के साथ मवेशियों के लिए घास लेने गया था। तभी जसप्रीत पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार ने बालक को उठाकर पास के पेड़ पर फेंक दिया। इससे पहले गुलदार उसे अपना निवाला बनाता उसकी बहन ने चिल्लाना शुरू कर दिया। जिस पर आस पास के लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद गुलदार बालक को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। हमले में गुलदार ने बच्चे के सिर, चेहरे पर नाखूनों से वार कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को तुरंत सीएचसी हिंडोला खाल ले गए। जहां से श्रीनगर रेफर किया गया। यहां से बच्चे को ऋषिकेश एम्स भेज दिया गया। लेकिन एम्स में बेड न मिलने के कारण उसे देहरादून के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वन विभाग की रेंजर दीक्षा भट्ट ने बताया कि वह घायल बच्चे का हाल जानने के लिए देहरादून पहुंची हैं। चिकित्सकों ने बच्चे के सिर के ऑपरेशन की बात कही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग बच्चे के इलाज का खर्चा उठाएगा। उधर गोसिल गांव में वन कर्मियों की टीम की तैनाती के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *