Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

15 दिन के अंदर शराब की दो दुकानों में दूसरी बार चोरी

रामनगर(उद संवाददाता)। नेशनल हाईवे पर भवानीगंज स्थित अंग्रेजी और देसी शराब की दुकानों में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर दुकान का टीन शेड काट कर दोनों दुकानों से हजारों रुपए की चोरी कर ली ।चोरों ने दुकान के अंदर ही बैठकर शराब भी पी। दोनों दुकानों में पन्द्रह दिन के भीतर चोरी की दूसरी वारदात हुयी है जिससे पुलिस की कानून व्यवस्था की एक बार फिर पोल खुली है। जानकारी के अनुसार देर रात अज्ञात चोर टीन शेड काटकर शराब की दुकानों में घुस गये और वहां से हजारों की नगदी पर हाथ साफ कर लिया। बेखौफ चोरों ने दुकान के अंदर ही बैठकर शराब भी पी। बता दें 15 दिन पहले भी इन दोनों दुकानों में चोरी की वारदात हुयी थी। जिसका खुलासा पुलिस अभी कर भी नहीं पाई थी कि चोरों ने एक बार फिर वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। दुकान स्वामी विपिन कांडपाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पूर्व में हुई भी चोरी का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है जिस कारण दोबारा से यह घटना चोरों द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि चोरों के अंदर पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा हर माह करोड़ों रुपए का राजस्व सरकार को दिया जाता है लेकिन उसके बावजूद भी सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस का यही हाल रहा तो आने वाले समय में यह चोर कोई बड़ी घटना भी कर सकते हैं वही मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने कहा कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *