Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विषपान से नव विवाहिता की मौत

काशीपुर(उद संवाददाता)। जहरीला पदार्थ गटकने से गंभीर विवाहिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के मुताबिक कुंडेश्वरी निवासी संजीव राठी ने लगभग सात माह पूर्व अपनी 22 वर्षीय पुत्री शैली राठी का विवाह ढकिया नंबर एक कुंडेश्वरी निवासी रतन सिंह के पुत्र अनिल कुमार के साथ धूमधाम से किया था। अनिल राठी पिछले कुछ समय से इंग्लैंड में कार्यरत है। सूत्रों की मानें तो शादी के कुछ समय ठीक-ठाक बीते इसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। मृतका शैली राठी पति के विदेश जाने के बाद पिछले कुछ माह से मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को किसी बात से क्षुब्ध होकर नव विवाहिता ने विषैला पदार्थ गटक लिया। परिजनों को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने तत्काल नव विवाहिता को बेहद नाजुक हालत में उपचार के लिए मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां जीवन मृत्यु से संघर्ष करते हुए आज सुबह नव विवाहिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस को मामले की जानकारी मिलने पर उसने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। अचानक घटी घटना को लेकर मृतका के परिवार में शोक की लहर है। विषैला पदार्थ खाकर दम तोड़ने वाली शैली राठी के पिता संजीव कुमार पिछले कुछ समय से तंजानिया में कार्यरत हैं। मृतका का एक भाई है जो पंजाब के चंडीगढ़ में जॉब करता बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को फोन द्वारा दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *