Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एनएसजी कमाण्डो की सड़क हादसे में मौत

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर घर आये एनसजी कमांडो की वापस लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गयी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। ग्राम सरौंजा नानकमत्ता निवासी 25 वर्षीय निर्मल सिंह पुत्र गुरमुख सिंह एनएसजी कमांडो थे। वह हैदराबाद में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह रक्षाबंधन मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आये थे। शनिवार रात निर्मल की रुद्रपुर से ट्रेन थी। शाम को निर्मल अपने दोस्त नानकमत्ता निवासी सोनू के साथ उसकी बाइक से ट्रेन पकड़ने के लिए रुद्रपुर को निकले थे। किच्छा के पास हाईवे पर पीछे से एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। देर रात इलाज के दौरान निर्मल की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। निर्मल का एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं। वहीं गंभीर घायल दोस्त सोनू को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *