February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट से 2.5 लाख करोड़ के निवेश लाने का लक्ष्य: धामी

देहरादून(उद संवाददाता)। उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के सफल आयोजन हेतु नीतिगत आधार तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए गठित मुख्यमंत्री सलाहकार समूह की पहली बैठक आज देहरादून में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निवेशकों द्वारा दिये जा रहे सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कार्यरूप में लाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इन्वेस्टर समिट होने तक राज्य में निवेश की अच्छी ग्राउंडिंग हो एवं निवेशकों को सभी अनुमतियां समय पर मिल जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति व्यवस्था के साथ ही बेहतर मानव संसाधन भी उपलब्ध है। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि उन्हें जिन-जिन क्षेत्रों में दक्ष मानव संसाधन की आवश्यकता है, वह बताई जाए। सरकार द्वारा ऐसे क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षण की व्यवस्थाएं की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल व हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। इन्वेस्टर समिट में 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को वर्ष 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसमें हमारे उद्योग जगत से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों से लगातार संवाद हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न बैठकों में निवेशकों द्वारा उठाई गई समस्याओं के निस्तारण हेतु हर संभव प्रयास किये गये हैं। इन्वेस्टर समिट-2023 से निवेश व रोजगार के अवसर बढ़ेगें एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उद्योग जगत में हो रहे नए नवाचारों से हमारे उद्यमियों को भी लाभ प्राप्त होगा। बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री प्रेमचन्द अग्रवाल, श्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, श्री सुबोध उनियाल, श्री सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुदंरम आदि उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर मीनाक्षी सुदंरम, सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, पतंजलि से आचार्य बालकृष्ण, उत्तराखंड पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी के सुभाष त्यागी मौजूद रहे। इनके अलावा आईआईएम काशीपुर से प्रो. कुलभूषण बलूनी, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, ग्राफिक एरा के चेयरमैन कमल घनशाला, हिमालयन इंस्टीटड्ढूट के विजय धस्माना, अनिल गोयल, डॉ. एस फारूक, मुकुंद प्रसाद, पंकज गुप्ता एवं औद्योगिक जगत से जुड़े न्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *