Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

शक्तिफार्म।। रुद्रपुर से घर लौट रहे बाइक सवार युवक की उत्तम नगर के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय आशीष मण्डल पुत्र स्व.सुरेश मण्डल मूल निवासी रामनगरा,उत्तर प्रदेश बचपन से ही अपने मामा के घर गुरुग्राम शक्तिफार्म न.2 में रहता था। पढ़ाई लिखाई के बाद वह टेलीकॉम कम्पनी में नौकरी कर रहा था। रविवार शाम वह अपने मित्र दीपकंकर मण्डल के साथ रुद्रपुर गया था। रात करीब 8 बजे से 9 बजे के बीच मोटरसाइकिल संख्या यूके 06बीडी 2966 से घर वापस लौटते समय उत्तम नगर के समीप बाईक अनियंत्रित हो गयी, जिस वजह से दोनों बाइक सवार गिर गये। गिरते ही वाहन चालक आशीष बेहोश हो गया। देखते ही देखते घटना स्थल पर भीड़ एकत्र हो गयी। इमरजेंसी 108 पर कॉल कर सूचना दी गयी। सूचना पर पहुँचे 108 वाहन द्वारा आशीष को किच्छा के सरकारी समुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंचाया गया,जहाँ डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रूद्रपुर भेज दिया। आशीष की दुर्घटना की खबर उसके परिजनों को रात करीब दस बजे मिली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। आशीष अपने पीछे दो बच्चे ,पत्नी और मां को रोता विलखता छोड़ गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। आशीष की 5 वर्षीय व 2 वर्षीय पुत्रियां हैं।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

रुद्रपुर(उद संवाददाता)। बाईक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से थाना सिरौली ग्राम अंजनी जिला बरेली और हाल भूरारानी अंबिका विहार निवासी 24 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पुत्र स्व लाला राम घास मंडी स्थित टेंट हाउस में काम करता था। रविवार रात वह काम खत्म कर वापस बाईक से घर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह भूरारानी क्षेत्र में पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख आसपास के लोग एकत्र हुए। पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल धर्मेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में एसआई अशोक कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और पंचनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिवार में कोहराम मच गया। मृतक बड़े से छोटा था। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *