Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मायके से पत्नी को नहीं भेजा तो पति ने लगा ली फांसी

रूद्रपुर । कहा जाता है पति पत्नी का रिश्ता अटूट होता है। अधिकांश मामलों में पति पत्नी एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें मायके गई पत्नी को उसकी मां ने वापस ससुराल भेजने से मना कर दिया। पति ने कई बार उसे वापस लाने की कोशिश की परंतु हर बार उसे निराशा हाथ लगने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने आज घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से आवश्यक जानकारी ली और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार शिवनगर ट्रांजिट कैम्प निवासी 26 वर्षीय राहुल पुत्र लखन मिस्त्री का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व चितरंजनपुर नम्बर दो दिनेशपुर निवासी भारती से हुआ था। राहुल के पिता लखन मध्यप्रदेश स्थित पुश्तैनी गांव में रहते हैं। जबकि छोटा भाई विशाल अपनी पत्नी दिव्या और मां के साथ राहुल के संग रहता है। परिवार में खुशी का माहैल था। कुछ माह पूर्व से राहुल के समक्ष स्थाई रोजगार की समस्या आ गई थी। वहीं उसकी पत्नी भी गर्भवती हो गई थी। जिसका जिक्र वह अपनी मां से करती रहती थी। करीब चार माह पूर्व राहुल की पत्नी अपने मायके चली गई। राहुल उसे लेने के लिए कई बार ससुराल गया लेकिन सास ने पुत्री को भेजने से मना कर दिया। बताया जाता है कि राहुल दो दिन पूर्व भी पत्नी भारती को लेने ससुराल गया था परंतु उसकी सास ने भारती को भेजने से न सिर्फ मना कर दिया वरन राहुल को भी बुरा भला कहा। जिससे राहुल पूरी तरह से टूट गया और वह गुमगुम सा रहने लगा। मानसिक रूप से परेशान रहने के चलते राहुल ने आज प्रातः घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल के शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। परिवार में दो भाईयों में मृतक राहुल बड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *