Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चमोली में दर्दनाक-हादसाः नमामी गंगा प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैलने से 15 लोगों की मौत

चमोली। बुधवार सुबह चमोली में अलकनंदा नदी के किनारे बड़ा हादसा हो गया। चमोली बाजार के समीप नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैलने से हड़कम्प मच गया। हादसे में करीब 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। कई लोग झुलसने से गंभीर हैं। उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा ट्रांसफार्मर फटने से हुआ है। पता चला है कि रात में यहां रहने वाले केयर टेकर का सुबह फोन नहीं लग रहा था। जिसके बाद परिजनों ने साइट पर आकर ऽोजबीन की। तब सामने आया कि केयर टेकर की मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ कई ग्रामीण भी साइट पर पहुंच गए। जब लोग यहां पहुंचे तो पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान वहां से करंट फैल गया। जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस वक्त हादसा हुआ उस समय साइट पर करीब 24 लोग मौजूद थे। करेंट फैलने से वहां चीख पुकार मच गयी। करेंट की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत की खबर है। जबकि अन्य लोग झुलसे हैं। गंभीर हालत में कई लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुयी है। डीएसपी प्रमोद शाह ने बताया कि कुछ घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। उनके चिकित्सीय परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना से प्रशासन में हड़कम्प मचा हैं वही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी। फिल्हाल समाचार लिखे जाने तक मौत और घायलों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए। उन्होंने डीएम चमोली से घटना की जानकारी ली। कहा कि घायलों को देहरादून लाया जा रहा है। उनके इलाज में कोई कमी नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *