February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिनदहाड़े शिक्षिका से झपटा मोबाइल

रुद्रपुर,6 अगस्त। आज प्रातः गंगापुर मार्ग पर पैदल स्कूल जा रही शिक्षिका के हाथ से बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने मोबाइल झपट लिया। युवकों ने शिक्षिका के गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीनने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हुए और फरार हो गये। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। जानकारी के अनुसार ग्राम शिमला बहादुर निवासी चम्पा पाठक एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है जबकि उनके पति भुवनपाठक सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करते हैं। चम्पा ने बताया कि आज करीब 8बजे वह पैदल घर से स्कूल के लिए रवाना हुई। जब वह गंगापुर मार्ग पर पहुंची तो किसी परिचित से मोबाइल पर बात करने लगी। इसी दौरान पीछे से अचानक बाइक सवार दो युवक उसके पास आकर रूके। एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया जबकि उसने गले में पहना मंगलसूत्र भी छीनने की कोशिश की लेकिन उसने मंगलसूत्र को मजबूती से पकड़ लिया जिस पर युवकों ने उसे धक्का दिया। जिस कारण वह सड़क पर आ गिरी। चम्पा ने बताया कि बाइक सवार दोनों युवक उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गये। मामले की जानकारी उसने तुरन्त ग्राम प्रधान सुरेश गौरी को दी जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। साथ ही थाने पहुंचकर मामले की तहरीर भी पुलिस को सौंप दी गयी है। चम्पा ने बताया कि मोबाइल झपटकर फरार हुए दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस का कहना था कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज देखने पर झपट्टामार युवकों की पहचान कर ली जायेगी और मामले का शीघ्र खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *