Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखण्ड में मानसून ने दी दस्तक, नदी नाले उफान पर,कई क्षेत्रों में जलभराव

देहरादून। झमाझम बौछारों के साथ प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। कई जगह भारी बारिश आफत लेकर आई है। कई मार्ग बंद होने से आवाजाही ठप है, कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से नुकसान की तस्वीरें सामने आई है। देहरादून में बारिश के कारण एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित भी हुआ। जिस कारण एयरपोर्ट पर इंडिगो की पहली फ्लाइट लैंड नहीं हो पाई।रविवार को देहरादून सहित हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में मानसून की बौछारें पड़ रही हैं। देहरादून में तड़के से बारिश होती रही। मसूरी में रविवार तड़के जबरदस्त बारिश हुई। जिससे बरसाती नालों में उफान आ गया। लोग बारिश का रौद्र रूप देख सहम गए। सुबह रुक-रुक कर रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई। शनिवार रात से जारी बारिश के चलते हरिद्वार शहर और देहात के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। कनखल में नहर और नाले का पानी घरों में ओवरफ्लो होकर घुसा। कई लोगों के घरों के सामान खराब हो गया। लाटोवाली में भी नाले चोक होने से कालोनी की सड़क जलमग्न हो गई। ज्वालापुर में मेन बाजार सहित कई इलाकों में दो से तीन फुट पानी भर गया। गलियों में खड़े कई वाहन पानी में डूबे गए। ऋषिकुल के पास बारिश के चलते एक पुराने मकान की दीवार ढह गई। मकान बहने की आशंका के चलते परिवार ने पड़ोस के घर में आसरा लिया। जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन विभाग और तहसील प्रशासन को अलर्ट होने के लिए निर्देश दिए। बाढ़ संभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग बारिश से हुए नुकसान का जायजा ले रहा है। फिलहाल गंगा खतरे के निशान से 2.60 मीटर नीचे बह रही है। उत्तरकाशी सहित आसपास के इलाकों में वर्षा होने के कारण मार्ग अवरुद्ध होने शुरू हो गए हैं। शनिवार देर रात यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग ओरछा बैंड के पास अवरुद्ध हो गया था, जिसे रविवार को खोल दिया गया। मार्ग बंद होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी और कई यात्री वाहन फंस गए थे। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यमुनोत्री व बड़कोट से उत्तरकाशी की ओर आने वाले वाहनों की लंबी कतार लगी थी। इन वाहनों को पुलिस की ओर से बड़कोट वापस भेजा जा रहा था। जबकि ब्रह्मखाल की ओर से बड़कोट जाने वाले वाहनों को वापस ब्रह्मखाल भेजा जा रहा था। यमुनोत्री धाम के दर्शन कर गंगोत्री धाम के दर्शन करने के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। चमोली में भी मौसम खराब बना हुआ है। यहां बादल छाए हुए हैं। अलकनंदा का जल स्तर भी बढ़ गया है। ऋषिकेश में बीती मध्यरात्रि से हल्की बूंदाबांदी हो रही थी जो रविवार की सुबह मूसलधार बारिश में बदल गई ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में पानी बढ़ रहा है। 28 जून को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में जी 20 बैठक के तहत गंगा आरती होनी है। समूचे त्रिवेणी घाट में पानी है। जिस कारण यहां होने वाली तैयारियां प्रभावित हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिसे देखते हुए रविवार से देहरादून समेत सात जनपदों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया किया गया है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल व बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *