Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अनियंत्रित बस ने स्कूटी को रौंदा, कार को भी मारी टक्कर: सेना के जवान सहित दो की मौत

रामनगर।नेशनल हाईवे रानीखेत रोड पर बस ने स्कूटी को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में पूर्व सैनिक समेत दो लोगों की मौत हो गयी। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गयी। घटना का कारण ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। गनीमत रही कि अनियंत्रित बस समीप में ही एक कार से टकराकर रुक गई अन्यथा कई लोगों की जा सकती थी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा। साथ ही पुलिस प्रशासन की यातायात को लेकर बनाई गई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किये। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह मोहल्ला भरतपुरी निवासी गिरीश चंद्र पांडे और विक्रम सिंह नेगी दोनों ही स्कूटी से रामनगर स्थित श्मशान घाट में किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच रानीखेत रोड रोडवेज बस स्टेशन के सामने लखनपुर की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटी और स्कूटी में सवार दोनों लोग बस के नीचे दब गए। स्कूटी को रौंदने के बाद अनियंत्रित बस समीप में खड़ी एक कार से टकराकर रुक गई। कार में सवार एक बालिका को भी चोटें आयी हैं। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के नीचे दबे दोनों स्कूटी सवार लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और अन्य परिचितों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए पुलिस की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किये। बताया जा रहा है कि मृतक विक्रम सिंह नेगी सेना में तैनात थे और आजकल छुट्टी में अपने घर आए थे शनिवार को उन्हें डड्ढूटी पर वापस जाना था। घटना की जानकारी मिलने के बाद नायब तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी ली घटना के बाद पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। साथ ही दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है लेकिन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *