Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंची धाम में रात दो बजे से दर्शन के लिये लगी भक्तों की कतार,चौराहों पर भारी संख्या में फोर्स तैनात

भवाली । विश्व विख्यात कैंची धाम के 59वां स्थापना दिवस पर नीम करोली बाबा के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ा पड़ा। बुधवार शाम से ही श्रद्धालु धाम में पहुंचना शुरू हो गये। देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रात भर हनुमान चालीसा का पाठ किया। गुरुवार सुबह दो बजे से मंदिर में भक्तों की कतार लग गयी। बाबा के जयकारों से कैंची धाम गूंज उठा। कैंची धाम में सुबह 5 बजे पूजा अर्चना हुई और बाबा नीम करौली महाराज को भोग लगाने के बाद कैंची मंदिर के द्वार खोलने के साथ श्रद्धालुओं को मालपुओं का प्रसाद बांटना शुरू किया गया। सुबह 7.30 बजे तीन किमी दूर तक श्रद्धालुओं की कतार पहुंच गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देख पुलिस प्रशासन की टीम भीड़ को व्यवस्थित करने में जुटी रही। कुमाऊं आईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी पंकज भट्ट, एस पी सिटी हरबंश सिंह, मेला प्रभारी उमेश मलिक, कौश्या कटोली एसडीएम परितोष वर्मा, एसडीएम योगेश सिंह मेहरा सुबह 7 बजे से ही मंदिर में मेले को व्यवस्थित करने में लगे रहे। साथ ही श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित करने के लिए वॉलिंटियर की टीम भी लगी रही। श्रद्वालु हनुमान चालीसा के पाठ के साथ बाबा के जयकारों के साथ बारी-बारी से मंदिर परिसर में प्रवेश करने के साथ बाबा के दर्शन के साथ प्रसाद लेकर पिछले द्वार से वापस लौटते रहे।

पुलिस प्रशासन की ओर से भवाली से ही श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची तक पहुंचाया गया। क्वारब से श्रद्धालुओं को पनीराम ढाबे के पास शटल सेवा से छोड़ा जा रहा है। श्रद्धालु बृहस्पतिवार को बाबा के दर्शन और प्रसाद के लिए रात भर खुले आसमान और टेंट में आराम करते नजर आए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही से चहल-पहल रही। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबारी और व्यापारी भी खुश नजर आए। मंदिर समिति से जुड़े भक्त रात भर व्यवस्थाएं बनाने में जुटे रहे। वहीं एसएसपी पंकज भट्ट मंदिर के मुख्य गेट पर अपने पुलिस बल के साथ व्यवस्थाओं को संभालते खुद नजर आए। पंकज भट्ट ने बताया मेले को शांतिपूर्वक सफल आयोजन कराना हमारी प्राथमिकता है करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के अनुमान के तहत पुलिस ने सभी तैयारियां कर रखी है। मंदिर परिसर से लेकर सभी मुख्य मार्गों व चौराहे पर हमारा फोर्स तैनात है जाम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए पुलिस ने शटल सेवा की व्यवस्था की है । कैंची धाम मंदिर को जाने वाले सभी रास्तों वा मुख्य चौराहों पर जगह जगह पुलिस प्रशासन भारी संख्या में फोर्स के साथ तैनात रहा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरियर लगाकर शटल सेवा का सख्ती से पालन कराया और एलाउंसमेंट कर सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *