Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी । वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन का पीछा कर उसे रोक लिया और उसमें भरे 200 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया। वाहन चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। जानकारी के अनुसार प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी संदीप कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी, गौला, अनिल कुमार जोशी के निर्देशानुसार अवैध पातन, अवैध खनन, अवैध शिकार एवं अन्य वन अपराध नियंत्रण हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत् वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी एवं प्रभारी वन सुरक्षा दल प्रमोद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गौला रेंज व सुरक्षा दल की संयुक्त टीम गौला नदी क्षेत्र का गश्त करते हुए शीशमहल गेट के पास पहुंची। तभी एक वाहन यूके 04 सीए 9690 तिरपाल लगा हुआ तेजी से हल्द्वानी की ओर आते हुए दिखा। टीम द्वारा उक्त वाहन को जांच हेतु रूकने का इशारा किया गया परन्तु वाहन चालक वाहन को और अधिक गति से हल्द्वानी की ओर भगा ले गया। जिस पर टीम द्वारा उक्त् वाहन का पीछा किया गया। चालक द्वारा अपने को घिरा देख सुशीला तिवारी अस्पताल से आईटीआई रोड को नीलकंठ अस्पताल के पास रोड के किनारे वाहन को खड़ा कर वाहन से कूदकर भाग गया। टीम द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के अंदर लीसा के लगभग 200 कनस्तर लदे पाये गये। लीसा से सम्बन्धित कोई भी वैध प्रपत्र नहीं पाये गये। टीम द्वारा वाहन तथा लीसा को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया। टीम में चंदन सिंह अधिकारी वन क्षेत्राधिकारी गौला, प्रभारी वन सुरक्षा दल प्रमोद सिंह बिष्ट, नैन सिंह, मनोज चंद तिवारी, शंकर दत्त पनेरु ललिता नेगी, भुवन चंद तिवारी, देवेंद्र नेगी, चंदन सिंह मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *