Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आंधी-तूफान ने मचाई तबाही,अधिवक्ता समेत तीन की मौत

देहरादून/हल्द्वानी। मौसम विभाग का अलर्ट सही साबित हुआ। पहले ही आंधी-तूफान का अलर्ट जारी कर दिया गया था। मिजाज ऐसा बिगड़ा कि जगह-जगह पेड़ गिरने लगे। प्रदेश में अधिवक्ता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ज्वालापुर में कटहरा बाजार में अंसारी मार्केट में करीब 100 वर्ष पुराना पीपल का पेड़ रात साढ़े नौ बजे अचानक गिर गया। दो घंटे के रेस्क्यू में इरफान, समीर और हर्ष को निकाल लिया गया। इरफान गंभीर है, उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, मौके से लापता 10 वर्षीय मुनीर रात करीब पौने एक बजे मलबे में दबा मिला। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हरिद्वार में ही कोतवाली क्षेत्र स्थित चमगादड़ टापू में भी एक पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से सोनीपत निवासी योगेश की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक आज 24 मई को राज्य के जनपदों में गर्जन के साथ कहीं कहीं तीव्र बौछार होने , ओलावृष्टि वज्रपात और 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है वहीं राज्य के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई को राज्य के जनपदों में गरज चमक के साथ बारिश ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हल्द्वानी-गत रात्रि आए अंधड़ और तूफानी बारिश के दौरान रामपुर रोड पर अमर उजाला के सामने एक विशालकाय पेड़ सड़क पर जाती कार के ऊपर जा गिरा। जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो कर पिचक गई। इस हादसे में कार चालक नैनीताल हाईकोर्ट के अधिवक्ता तनुज सेमवाल की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पौड़ी निवासी हाईकोर्ट के अधिवक्ता तथा नैनीताल हाईकोर्ट बार काउंसिल कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य तनुज सेमवाल गत रात्रि अपनी कर संख्या यूके 07 डीपी 7923 में हल्द्वानी से रूद्रपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज अंधड़ शुरू हो गया। मार्ग में उन्होंने देवलचौड़ में आइसक्रीम खरीदी। अंधड़ की परवाह न करते हुए वह रवाना हो गए। अधिवक्ता तनुज अभी अमर उजाला के सामने ही पहुंच पाए थे कि मुख्य मार्ग के किनारे स्थित एक विशालकाय पेड़ तेज अंधड़ के चलते उनकी कार के ऊपर आ गिरा। जिससे तनुज कार में ही दब गए। उन्हें बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। घटना से मुख्य मार्ग का यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया। घटनास्थल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कटर की मदद से कार के कई हिस्सों को काटकर शव को कार से बाहर निकला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि तनुज सेमवाल नैनीताल हाईकोर्ट बार काउंसिल कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य थे तनुज पौड़ी के रहने वाले थे और उनकी बेटी रुद्रपुर में रहती है। परिवार नैनीताल के नैनागांव में रहता है। बताया जा रहा है संभवतः अपनी बेटी से मिलने के लिए रुद्रपुर जा रहे थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *