Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवक की गोली मारकर हत्या: आरोपी की गिरफ्तारी करने की मांग

रामनगर। तड़के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव पुलिस को सुबह सड़क किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अस्पताल पहुंचे युवक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। परिजनों ने कोतवाली में तैनात दो दरोगाओ पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की वजह पिछले दिनों हुआ विवाद माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम लुटाबड निवासी 27 वर्षीय अरविंद उर्फ पप्पी सागर पुत्र छत्रपाल को रविवार की सुबह करीब 5 बजे कुछ अज्ञात युवक घर से बुलाकर अपने साथ जिप्सी में ले गए। बताया जाता है कि अज्ञात लोेगों ने घर से कुछ ही दूरी पर पप्पी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी जिसके बाद आरोपी मौके से पप्पी को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन पप्पी को अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों की पुलिस के साथ अस्पताल में तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजन मृतक के शव को जबरन पुलिस से छुड़ाकर अपने साथ घर ले गए जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस मृतक के घर पहुंचे और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इस इलाके में तनाव बना हुआ है । शांति व्यवस्था को लेकर जिले के आसपास के थाने की फोर्स रामनगर पहुंच गयी है। अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह भी रामनगर पहुंच गए और उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी जुटायी। मामले में मृतक के चाचा और भाई ने रामनगर कोतवाली में तैनात एक महिला दरोगा व एक अन्य दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के संबंध में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।कोतवाल ने बताया कि, युवक को दो गोली लगी हुई थीं। लोगों का कहना है कि उन्होंने तड़के तीन बजे गोली चलने की आवाज सुनी थी। सुबह पांच बजे सड़क पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *