Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की अरविंद नगर बस्ती में स्थित बंद घर में आग लगने के बाद गैस सिलिंडर फट गया। इससे आग बुझाने का प्रयास कर रही महिला समेत छह लोग झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंचे दमकल ने आग को काबू किया। जानकारी के मुताबिक ट्रांजिट कैंप, जगतपुरा स्थित अरविंद नगर निवासी वीर पाल अपनी पत्नी अनिता और तीन पुत्र विकास, अनिल और जतिन के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह विकास मेडिकल स्टोर में काम करने चला गया हुआ था। जबकि उसके दो छोटे भाई स्कूल गए हुए थे। जिसके बाद वीरपाल और अनिता घर में ताला लगाकर अपने काम पर चले गए थे। 9 बजे के आसपास घर में आग लग गई। घर से धुंआ उठता देख आसपास रहने वाले लोग एकत्र हुए और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। लेकिन इस बीच तेज धमाके के साथ घर में रखा एक सिलिंडर फट गया। जिससे आग बुझाने का प्रयास कर रहे पड़ोसी शांति शर्मा पत्नी रमेश चंद्रा, अरूण कुमार पुत्र महिपाल सिंह, गौतम विश्वास पुत्र गजेंद्र विश्वास, अजय कुमार पुत्र मोहन लाल और राहुल कुमार पुत्र महिपाल सिंह सहित आधा दर्जन लोग झुलस गए। इस पर लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा, फायर स्टेशन आफिसर दया किशन पुलिस और दमकल कर्मियों के साथ पहुंचे और आग पर काबू पाया। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। आग से झुलसे लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *