Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

22 अप्रैल को खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट

उत्तरकाशी । यमुना जयंती के पावन पर्व पर चारधाम के पहले प्रमुख तीर्थ धाम यमुनोत्री के कपाट 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर्व पर दोपहर 12 बजकर 41मिनट पर कर्क लग्न अभिजित मुहूर्त पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सोमवार को मां यमुना के मायके खरशाली गांव में स्थित शीतकालीन यमुना मंदिर परिसर में पुरोहित समाज की बैठक में यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का विधिवत ढंग से शुभ मुहूर्त निकाला गया। इस मौके पर पुरोहित महासभा अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल उपाध्यक्ष, राज स्वरुप उनियाल, प्यारे लाल उनियाल, पवन उनियाल शीतकालीन पुजारी अंकित,जय कृष्ण, प्रभाकर उनियाल, के अलावा आशुतोष उनियाल, कुलदीप उनियाल, आदि थे । पुरुषोत्तम उनियाल, सुरेश उनियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को कपाट उदघाटन की तैयारियों के साथ ही यमुना के मायके खरशाली गांव में में भी मां यमुना की विदाई की तैयारियां शुरू की गयी है। इसी दिन गंगोत्री धाम के कपाट भी खुलेंगे। 21 तारीख को मां गंगा की भोग मूर्ति गंगोत्री के लिए प्रस्थान करेगी। इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से होगी। देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार तैयारियों में जुटी है। बता दें कि अब श्रद्धालु घर बैठे गंगोत्री धाम की आरती देख सकेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग प्रसाद योजना के तहत मंदिर में उच्च स्तर के कैमरे लगाने जा रहा है जिससे चार धाम यात्रा के दौरान हर दिन उत्तराखंड पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर आरती का सीधा प्रसारण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *