Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्य समिति में जुटे पार्टी के कई वरिष्ठ नेता

रूद्रपुर । भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन और पार्टी को मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा की गयी। कार्यसमिति का शुभारम्भ केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, यूपी के कैबिनेट मंत्री एवं यूपी के ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नरेश कश्यप, उत्तराखंड ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। इस अवसर पर यूपी के कैबिनेट मंत्री नरेश कश्यप ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में ओबीसी मोर्चा उत्तराखण्ड की सभी सीटों को जिताने में अहम भूमिका निभायेगा। ओबीसी समाज यह महसूस करता है कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार आयी है तब से पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित हुए हैं और उनका विकास हुआ है। ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा मिलना, नीट की परीक्षा में 27 प्रतिशत आरक्षण, केन्द्रीय विद्यालय और सैनिक विद्यालयों में आरक्षण जैसे मुद्दों पर मोदी सरकार ने अहम फैसले लिये हैं। पिछड़े वर्ग के लोगों ने यह महसूस किया है कि भाजपा की नौ साल की केन्द्र सरकार में उन्हें वो सब मिला है जो पिछले पचास सालों में भी नहीं मिला। इसीलिए आज पिछड़ा समाज संकल्पित हो गया है कि आने वाले चुनावों में पिछड़े समाज के लोग चट्टान की तरह भाजपा के साथ खड़े रहेंगे और पीएम मोदी को तीसरी बार हैट्रिक लगाकर प्रधानमंत्री बनने में अपना योगदान देंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सर्वसमाज का हित चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ओबीसी समाज के अपमान पर न्यायालय द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद भी कांग्रेसी युवराज का अहंकार कम नहीं हो रहा है। कांग्रेस न्यायपालिका और संविधान का भी अपमान कर रही है। केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने ओबीसी समाज के हितों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिये हैं। इसी लिए आज ओबीसी समाज का रूझान भाजपा की ओर बढ़ा है। उन्होंने प्रदेश कार्य समिति के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। कहा कि यह कार्य समिति आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए अहम भूमिका निभायेगी। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाध्यक्ष ओबीसी श्री कांत राठौर, ललित राठौर, राम प्रकाश गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी उपेन्द्र चौधरी, नेत्र पाल मौर्य, विकास शर्मा, चंद्रपाल पाल, मुकेश पाल समेत तमाम भाजपाई मोजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *