Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर में चालीस साल पुरानी मार्केट मलवे के ढेर में तब्दील: डीडी चौक से इंदिरा चौक तक सैकड़ों दुकानों को कर दिया ध्वस्त 

आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनों ने ध्वस्त की सैकड़ों दुकानें
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। नैनीताल हाईवे पर रोडवेज के सामने स्थित राम मनोहर लोहिया मार्केट समेत सैकड़ों दुकानों को बचाने के लिए पिछले कई दिनों से लड़ी जा रही व्यापारियों की लड़ाई आखिरकार काम नहीं आयी और प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए चालीस साल पुरानी राम मनोहर लोहिया मार्केट समेत डीडी चौक से इंदिरा चौक तक की सैकड़ों दुकानों को जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एसएसपी की अगुवाई में जिले भर के साथ ही कुमांऊ की फोर्स भी तैनात रही। रामनगर में आयोजित हो रहे जी 20 सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। पिछले एक सप्ताह से प्रशासन सड़कों के किनारे हुए अतिक्रमण के साथ ही सौंदर्यीकरण के लिये व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है। गुरूवार रात्रि नगर के मुख्य मार्ग के दोनो ओर अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्यवाही के लिये जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ ही कई जेसीबी मशीनों को तैनात कर दिया । जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया इस बीच आनन फानन में सैकड़ों व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानों का सामान निकालना शुरू कर दिया। जैसा कि संभावना व्यक्त की जा रही थी कि विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होते ही प्रशासन द्वारा डीडी चौक से इन्द्रा चौक तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर दुकानों को ध्वस्त कर दिया जायेगा जो सही साबित हुई। शुक्रवार प्रातः से ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद से सैकड़ों दुकानों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया। इससे पूर्व प्रशासन द्वारा रात्रि में ही गांधी पार्क के आस पास धारा 144 लगा दी गई थी। साथ ही व्यापारियों के भारी विरोध की संभावना को देखते हुए न सिर्फ जनपद उधमसिंहनगर बल्कि पड़ोसी जनपदों से भी भारी संख्या में पुलिस बल बुलाकर मुख्य स्थानों पर तैनात कर दिया गया था। इतना ही नहीं प्रशासन ने कई व्यापारियों व विरोधी दल के कुछ नेताओं को भी आज तड़के ही उनके घरों से उठाकर पंतनगर थाने में नजर बंद दिया था। आज प्रातः लगभग आठ बजे एसएसपी मंजूनाथ टीसी के साथ एसडीएम प्रत्यूष कुमार सिंह व अन्य कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी रोडवेज के सामने पहुंचे और उनकेे निर्देश पर प्रदेश के सबसे बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान की शरूआत की गई। सबसे पहले राममनोहर लोहिया मार्केट की लगभग सत्तर दुकानों के ध्वस्तीकरण का काम शुरू कर दिया गया। लगभग एक दर्जन जेसीबी मशीनों तथा भारी संख्या में विभागीय कर्मचारियों की मदद से एक के बाद एक दुकानें ध्वस्त होती गइं। इस दौरान किच्छा बाईपास रोड़, गांधी पार्क के चारों ओर, डीडी चौक से इन्द्रा चौक रोडवेज स्टेशन, सुपर मार्केट, काशीपुर बाईपास रोड़़ पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। डीडी चौक से इन्द्रा चौक तक यातायात भी डायवर्ट किया गया था। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रखे रहे। अपनी दशकों पुरानी दुकानों को टूटते देख कई व्यापारियों की आंखों में आंसू छलकते रहे। प्रशासन द्वारा गत रात्रि दुकानें खाली करने की पुनः मुनादी करने के बाद दुकानदारों द्वारा अपने परिजनों के साथ आंसू की धाराओं के बीच अपनी दशकों पुरानी दुकानों से सारा सामान निकाल लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *