Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रदेश में बढ़ती गौ तस्करी पर धामी सरकार हुई सख्त,तस्करों की संपत्ति भी जब्त होगी

देहरादून।प्रदेश में बढ़ती गो तस्करी की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्ती दिखाते हुए डीजीपी अशोक कुमार को गो तस्करी करने वालों पर गैंगस्टर की कार्रवाई के आदेश दिये हैं। साथ ही ऐसे अपराधियों की संपत्ति जब्त करने को भी कहा है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डीजीपी ने प्रदेश के सभी जिला प्रभारियों को आदेश जारी किए हैं। डीजीपी ने बताया कि गो तस्करों पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए पुलिस की ओर से गढ़वाल व कुमाऊं परिक्षेत्र में दो टीमें गठित की गई हैं। गो तस्करी की शिकायतें मिलने पर टीम तत्काल कार्रवाई करती है। 2022 में पुलिस की ओर से 185 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिला प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं कि वह गो तस्करों के खिलाफ सख्ती से पेश आएं। जहां से भी गो तस्करी की शिकायतें मिलती हैं तो तत्काल गोवंश संरक्षण स्क्वाड को सूचित करते हुए ज्वाइंट तौर पर आपरेशन चलाया जाए, ताकि आरोपितों को भागने का मौका न मिल सके। अब तक गो तस्करी के मामले में सख्त कार्रवाई न होने के चलते तस्कर बेधड़क गो तस्करी कर रहे थे। थानों में गो वध के मुकदमे भी फाइलों में दफन हैं। गो तस्करी व गो वध के सबसे अधिक मामले देहरादून जिले में दर्ज हैं। वसंत विहार और पटेल नगर कोतवाली में तस्करों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। अब ऐसे आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई होने से अपराधियों में खौफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *