Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत

खटीमा। कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात सैनिक की ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पिछले महीने दो दिसंबर को ही शादी हुई थी। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। भूड़ाकिशनी निवासी 24 वर्षीय नीरज सिंह भंडारी पुत्र गोविंद सिंह भंडारी 18 कुमाऊं रेजीमेंट में राजस्थान में तैनात था। नीरज बीती पांच जनवरी को अवकाश पर घर आया था। शुक्रवार देर शाम वह अपनी बाइक से खटीमा से भूड़ाकिशनी घर लौट रहा था। इसी दौरान सितारगंज रोड लोहियापुल के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल जवान को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नीरज सिंह भंडारी की पिछले महीने दो दिसंबर को हल्द्वानी निवासी सोनी से शादी हुई थी। उसकी पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है। नीरज की दो बहनें बड़ी व एक छोटा भाई है। वह तीसरे नंबर का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *