Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा बालक का शव

रूद्रपुर/बहेड़ी । पिछले दिनों रेशमबाड़ी मोहल्ले में संदिग्ध हालात में घर में मृत मिले आठ वर्षीय बालक का शव रविवार को रूद्रपुर पुलिस ने बहेड़ी में कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बता दें रेशमबाड़ी में लक्ष्मण लाल के मकान में किराये के मकान में रहने वाली बहेड़ी के ग्राम गरीबपुरा निवासी लता पत्नी मनोज का आठ वर्षीय पुत्र पारस 3 दिसम्बर को संदिग्ध हालात में घर में मृत अवस्था में मिला था। लता अपने बच्चों को घर पर छोड़कर मजदूरी करने गयी थी। जब वह घर आयी तो बेटा पारस चारपाई पर मृत पड़ा था। उसकी जीभ बाहर निकली हुयी थी और गले में दुपट्टा था। पुत्र की मौत के बाद बदहवास लता को मकान मालिक और पड़ोस के लोगों ने आनन फानन में उसके मूल गांव बहेड़ी भेज दिया और बहेड़ी में ही बच्चे का अंतिम संस्कार करते हुए उसे दफना दिया था। बाद में लता को शक हुआ कि किसी ने उसके बच्चे की हत्या की है। महिला की शिकायत पर एसपी सिटी ने कार्रवाई शुरू की और बच्चे के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी थी। डीएम ने बरेली के डीएम से पत्राचार किया। जिसके बाद बरेली के एडीएम ने बहेड़ी के एसडीएम को कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दी। अनुमति मिलने के बाद रविवार को रूद्रपुर से पुलिस टीम ने बहेड़ी पहुंचकर स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कब्र से बालक का शव निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान रूद्रपुर से एसएसआई केसी आर्य, एसआई हरविंदर कुमार,रम्पुरा चौकी इंचार्ज अम्बी राम आर्य, बहेडी के तहसीलदार विनोद कुमार चौधरी कोतवाल श्रवण कुमार आदि शामिल थे। बालक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *