Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

होटल में चंपावत के यात्री और नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप

हल्द्वानी। आज प्रातः केमू बस स्टेशन के पास एक होटल के कमरे चंपावत के एक यात्री का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाए जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया और कमरे की गहन तलाशी लेकर होटल कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी देकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त 50 वर्षीय कल्याण सिंह सेमल खेत जनपद चंपावत के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार दोपहर 3 बजे चंपावत निवासी व्यक्ति होटल के कमरे में आया था। आज सुबह जब होटल के कर्मचारी कमरे की सफाई करने कमरे में गए तो वहां यात्री बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। जिस पर कर्मचारी ने इसकी जानकारी होटल प्रबंधक को दी। जब प्रबंधक ने कमरे में जाकर उसकी स्थिति देखी तो उसने तत्काल पुलिस की सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी वहां पहुंचे और शव कब्जे में लेकर आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी देखा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मंडी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत गौजाजाली दक्षिणी सिंचाई नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकालकर शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली कि नहर में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। जिसके बाद पूरे मामले में पुलिस ने नहर से शव को निकालकर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश की। लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई । मृतक की उम्र 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। लंबाई लगभग 5 फुट 2 इंच और रंग सांवला है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *